Tuesday, September 24, 2024

MP News: कमलनाथ का तंज, शिवराज अपनी झूठ की मशीन अब राजस्थान में चला रहे हैं

भोपाल: मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में चुनाव के बाद अब सभी दलों के दिग्गज प्रचार के लिए राजस्थान पहुंच रहे हैं। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह भी बीजेपी के लिए प्रचार करने के लिए राजस्थान के दौरे पर हैं। पूर्व मुख्यमंत्री और पीसीसी अध्यक्ष कमलनाथ ने इस पर तंज कसा है।

एमपी में कोई नहीं सुन रहा- कमलनाथ

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सोशल मीडिया पर लिखा कि शिवराज जी, अब मध्य प्रदेश में आपको कोई नहीं सुन रहा तो आप राजस्थान में जाकर अपनी झूठ मशीन का अभियान चला रहे हैं। आगे उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह पर आरोप लगाते हुए कहा कि आप राजस्थान को बताइए कि मध्य प्रदेश को आपने घोटालों में नंबर वन बना दिया, महिला अत्याचार में नंबर वन बना दिया, इतना ही नहीं आपने तो आदिवासी अत्याचार और बेरोजगारी में नंबर वन बना दिया।

घोटाला का विवरण दीजिए

बीजेपी के 18 साल के शासन पर तंज कसते हुए कहा कि आप अपनी उपलब्धियां सुनाइए कि कैसे आपने डंपर घोटाला किया, व्यापम घोटाला किया, महाकाल लोक घोटाला किया, पटवारी भर्ती घोटाला किया, आरक्षक भर्ती घोटाला किया और मध्य प्रदेश का नाम घोटाले से बदनाम कर दिया। आगे उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की जनता अब आपकी बातों पर भरोसा नहीं करती है। राजस्थान की जनता भी आपकी घोषणा मशीन को सुनने में समय बर्बाद नहीं करेगी।

25 नवंबर को चुनाव

बता दें राजस्थान में 25 नवंबर को मतदान होने हैं। जिसके बाद मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत पांच राज्यों में तीन दिसंबर को मतगणना एक साथ होगी। 3 दिन दिसंबर को सभी पांच राज्यों में हुए चुनाव के परिणाम घोषित होंगे। जिसको देखते हुए राजस्थान में सभी पार्टियों के बड़े नेता प्रचार-प्रसार में लगे हुए हैं।

Ad Image
Latest news
Related news