Sunday, September 8, 2024

MP News: कांग्रेस ने छह सीटों के उम्मीदवारों के नामों का नहीं किया खुलासा, इन पर फंसी पेच

भोपाल: मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। भाजपा ने सभी 29 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम का एलान कर दिया है। वहीं कांग्रेस ने लंबे इंतजार के बाद 28 में से अभी तक सिर्फ 22 नामों का ही घोषणा कर पाई है। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच हुए गठबंधन के कारण खजुराहो सीट समाजवादी पार्टी के खाते में है। जिसके बाद कांग्रेस को 28 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने हैं। वे छह सीटें जिस पर उम्मीदवारों को लेकर अभी भी माथापच्ची जारी है – मुरैना, ग्वालियर, गुना, विदिशा, खंडवा और दमोह।

इन नेताओं के नामों की चर्चा

गुना से अरुण यादव

भाजपा ने गुना सीट पर सांसद केपी यादव का टिकट काटकर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को प्रत्याशी बनाया है। जिसके बाद कांग्रेस पार्टी टक्कर के नेता की तलाश में है। बता दें , पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने गुना सीट से सिंधिया को टक्कर देने की इच्छा जताई है। यहां पर यादव समाज बड़ी संख्या में है।

विदिशा से तीन नेता रेस में

विदिशा लोकसभा सीट से सांसद रमाकांत भार्गव का टिकट काटकर भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को प्रत्याशी बनाया है। ये सीट भाजपा की सबसे सुरक्षित सीट मानी जाती है। यहां से शिवराज सिंह चौहान 1991 से 2004 तक पांच बार सांसद रहे। इस सीट पर संभावित उम्मीदवारों में वरिष्ठ नेता प्रताप भानु शर्मा, सिलवानी से विधायक देवेंद्र पटेल और पूर्व विंग कमांडर अनुमा आचार्य को नाम लेकर पेंच फंसा हुआ है।

खंडवा से अरुण यादव पर चर्चा

खंडवा सीट से भाजपा ने सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल को प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस खंडवा से अरुण यादव को चुनाव लड़ाने के पक्ष में हैं। अरुण यादव 2009 में लोकसभा का चुनाव जीत चुके हैं, लेकिन अरुण यादव ने गुना सीट से लड़ने की इच्छा जताई है। यही वजह है कि यहां पर पेच फंसा हुआ है।

मुरैना में जातिगत समीकरण पर फोकस

मुरैना से भाजपा ने शिवमंगल सिंह तोमर को प्रत्याशी बनाया है। इस सीट पर कांग्रेस से जौरा विधायक पंकज उपाध्याय और पूर्व विधायक सत्यपाल सिंह सिकरवार का नाम चर्चा में है। यहां पर पार्टी जातिगत समीकरण को देखते हुए प्रत्याशी के चयन को लेकर मामला उलझा हुआ है।

ग्वालियर में दो नेताओं का नाम

ग्वालियर से बीजेपी ने सांसद विवेक शेजवलकर का टिकट काट कर भरत सिंह कुशवाहा को प्रत्याशी बनाया है। यहां से पूर्व सांसद रामसेवक सिंह बाबू जी और पूर्व विधायक प्रवीण पाठक का नाम आगे है। हालांकि, इसके अलावा भी इस सीट पर कई दावेदार बताए जा रहे हैं।

दमोह में जातिगत समीकरण

बीजेपी ने यहां पर राहुल लोधी को प्रत्याशी बनाया है। इस लोकसभा सीट पर लोधी और कुर्मी वोटर बहुल है। इस सीट पर बड़ामलहरा विधायक रामसिया भारती और पूर्व विधायक तरवर सिंह लोधी के साथ ही अब राजमणि पटेल का नाम भी चर्चा में है। प्राप्त जानकारी के अनुसार यहां पर जातिगत समीकरण के साथ ही महिला कोटे को लेकर पेच फंसा हुआ है।

Ad Image
Latest news
Related news