Monday, September 16, 2024

MP News: प्रदेश के चार लोगों को मिला पद्म पुरस्कार, जानें किसे और क्यों मिला ये सम्मान?

भोपाल: देश के प्रतिष्ठित सम्मान पद्म पुरस्कारों का ऐलान हो चुका है। गणतंत्र दिवस से एक दिन पहले गुरुवार को पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री का ऐलान किया गया है। ये पुरस्कार गृह मंत्रालय द्वारा दिए जाते हैं। इस वर्ष इस सम्मान में 132 हस्तियों के नाम शामिल हैं, जिनमें से 4 हस्तियां मध्य प्रदेश से हैं।

पद्म पुरस्कारों की घोषणा

मध्य प्रदेश के चार लोगों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। इसमें कालूराम बामनिया को कला के क्षेत्र में, सत्येंद्र सिंह लोहिया को खेल के क्षेत्र में, ओम प्रकाश शर्मा को कला के क्षेत्र में और भगवती लाल राजपुरोहित को साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में पद्मश्री देने का ऐलान किया गया है।

प्रदेश के इन इन क्षेत्रों ने दिलाया सम्मान

उज्जैन के रहने वाले ओमप्रकाश शर्मा को माच गायन शैली के संरक्षण और माच को गायन के साथ रंगमंच से जोड़ने के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया जा रहा है। वहीं, भिंड जिले के रहने वाले सत्येंद्र सिंह लोहिया दिव्यांग हैं, जिन्हें तैराकी के क्षेत्र में योगदान देने के लिए पद्म श्री से सम्मानित किया जाएगा। सत्येंद्र सिंह लोहिया के नाम कई अंतर्राष्ट्रीय रिकॉर्ड हैं। इनके अलावा धार में जन्मे डॉ.भगवतीलाल राजपुरोहित को साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया जाएगा। प्रदेश के कालूराम बामनिया अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त कबीर भजन गायक हैं, वे कबीर को अनूठे तरीके से प्रस्तुत करते हैं।

CM मोहन ने दी बधाई

प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पद्म पुरस्कारों से सम्मानित होने वाले मध्य प्रदेश वासियों को शुभकामनाएं दी हैं। बता दें, देश में कुल 110 नागरिकों को पद्मश्री देने का ऐलान किया गया है, जिनमें से चार लोग मध्य प्रदेश से हैं।

Ad Image
Latest news
Related news