Thursday, September 19, 2024

Guna: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मप्र में बस दुर्घटना में लोगों की मौत पर जताया शोक

भोपाल। एमपी में बीते एक सप्ताह में कई सड़क हादसे हुए है। पिछले दिनों अलग-अलग क्षेत्रों में कई हादसे देखने को मिले हैं। धार के बाद अब गुना में भी यही कहर देखने को मिला है। यहां बीती शाम ट्रक और बस में भिड़ंत हो गई। जिसके बाद बस में भीषण आग लग गई। हादसे में 13 लोगों की जलकर मौत हो गई। वहीं हादसे में 15 से अधिक लोग घायल हैं। इस मामले में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दुख जताया है।

राष्ट्रपति मुर्मू ने एक्स पर साझा किया पोस्ट

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ट्वीट किया, “मध्य प्रदेश के गुना में हुई सड़क दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु का समाचार दुखद है। मैं मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।”

प्रशासन एक्टिव

हादसे के तुरंत बाद आनन- फानन में प्रशासन ने मोर्चा संभाला, जिसके बाद बचाव और राहत का कार्य किया गया। कलेक्टर तरूण राठी के मुताबिक इस हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई है। इसके साथ ही करीब 17 लोग अभी अस्पताल में भर्ती हैं। तो वहीं सीएम ने मृतकों को 4-4 लाख, घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

लपटों में घिरे थे यात्री

बस में इतनी ज्यादा आग की लपटें निकल रहीं थीं कि कोई व्यक्ति बस के अंदर फंसे लोगों को निकालने भी नहीं जा सका। जैसे ही बस में लपटें उठना शुरू हुईं वैसे ही यात्रियों ने चीख-पुकार शुरू कर दी। बस जिस मार्ग पर चल रही थी वह सुनसान इलाका था। बस के घाटी से टकराने के बाद रुकने पर कुछ यात्री बाहर निकले व फोन करके पुलिस को सूचना दी। कुछ यात्रियों ने बस के खिड़की और दरवाजे से कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलने के बाद पुलिस व प्रशासन का बचाव दल मौके पर पहुंचा और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया है।

मुख्यमंत्री ने जताया शोक

एमपी सीएम ने हादसे को लेकर शोक जताया है। एक्स पर मुख्यमंत्री ने लिखा गुना से आरोन जा रही बस में भीषण आग से यात्रियों के हताहत होने का समाचार अत्यंत दुःखद है। इस हृदय विदारक दुर्घटना में असमय मृत्यु को प्राप्त हुए दिवंगतों के परिजनों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। दुःख की इस विकट परिस्थिति में प्रदेश सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।

Ad Image
Latest news
Related news