Sunday, September 29, 2024

राहुल गांधी की न्याय जोड़ो यात्रा एमपी में करेगी एंट्री, इन लोकसभा सीटों पर कांग्रेस की नजर

Bharat Jodo Nyay Yatra In MP: कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा कल 2 मार्च को एमपी में प्रवेश कर जाएगी। राहुल गांधी की न्याय यात्रा को लेकर प्रदेश में कांग्रेस बड़े स्तर पर तैयारियां कर रही है। जानकारी के मुताबिक राहुल गांधी की न्याय यात्रा एमपी में 698 किलोमीटर का सफर तय करेगी। जिसमें करीब 7 लोकसभा सीट आती है।

किन सीटों से होकर गुजरेगी

आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस राहुल गांधी की यात्रा को जरूरी मान रही है। राहुल गांधी की न्याय यात्रा प्रदेश की 7 लोकसभा सीट को कवर करेगी। इसमें ग्वालियर, मुरैना, रतलाम, गुना, देवास, राजगढ़ और उज्जैन की सीट शामिल है। बता दें कि इस न्याय यात्रा को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, लोकसभा चुनाव प्रभारी जितेन्द्र सिंह सहित अन्य वरिष्ठ नेता तैयारियों में जुटे हुए हैं।

ग्वालियर पहुंचेंगे कमलनाथ

जानकारी के मुताबिक राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा एमपी के मुरैना में प्रवेश करेगी। जिसके लिए कमलनाथ 2 मार्च को सुबह 9 बजे ग्वालियर पहुंचेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ 2 मार्च से लगातार राहुल गांधी के साथ रहेंगे।

2 मार्च को मुरैना में सभा

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा मुरैना से एमपी में प्रवेश करेगी। यहां पर राहुल गांधी की पहली जनसभा भी होगी। इसके बाद रोड़ शो और नुक्कड़ सभा को राहुल संबोधित करेंगे. राहुल गांधी मुरैना से लेकर रतलाम तक प्रदेश के कांग्रेस नेताओं के साथ चर्चा करेंगे। राहुल गांधी की न्याय यात्रा दो मार्च को मुरैना में दोपहर 1.30 बजे एंट्री करेगी। मुरैना के पिपरई गांव में एक आमसभा होगी।

सिंधिया के गढ़ में राहुल की नजर

वहीं 3 मार्च को राहुल गांधी की यात्रा ग्वालियर-शिवपुरी आएगी, जबकि 4 मार्च को गुना-राजगढ़ और 5 मार्च को यात्रा राजगढ़, शाजापुर और उज्जैन जिले में पहुंच जाएगी, इसके बाद धार-रतलाम होते हुए राजस्थान में प्रवेश कर जाएगी.

Ad Image
Latest news
Related news