Sunday, September 29, 2024

MP Politics: भोपाल में भाजपा की बड़ी बैठक, लोकसभा प्रत्याशियों के नाम होंगे फाइनल?

भोपाल। एमपी में लोकसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचलें तेज हो चली हैं। बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही पार्टियां जोरों-शोरों से तैयारियों में जुट गई हैं। प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों के लिए भाजपा जल्द ही अपने उम्मीदवारों के नामों पर मुहर लगा सकती है। भोपाल में प्रदेश बीजेपी कार्यालय में आज शाम 6 बजे से प्रदेश चुनाव समिति की बैठक होगी, जिसमें प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा की जाएगी।

उम्मीदवारों के नामों पर किया जाएगा मंथन

भोपाल में प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में लोकसभा चुनाव प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, सह प्रभारी सतीश उपाध्याय, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा सहित चुनाव समिति के सदस्य मौजूद रहेंगे। इस दौरान प्रत्याशियों के नामों पर मंथन किया जाएगा।

दिल्ली भेजी जाएगी लिस्ट

राजधानी भोपाल में प्रदेश से लोकसभा चुनाव के दावेदारों के नामों पर मंथन किया जाएगा, जिसके बाद इनकी लिस्ट दिल्ली भेजी जाएगी। बुधवार को दिल्ली में भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होगी। जिसमें प्रदेश चुनाव समिति प्रत्याशियों के नाम रखेगी। संभवतः इस मीटिंग के दौरान लोकसभा प्रत्याशियों के नामों पर मुहर सकती है। चर्चा है कि इस बार भाजपा कई मौजूदा सांसदों का टिकट काट सकती है और नए चेहरों को मौका दे सकती है।

उम्मीदवार के नाम मांगे

एमपी में भाजपा को केंद्रीय नेतृत्व की ओर से लोकसभा सीटों पर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से रायशुमारी कर संभावित दावेदारों के नाम भेजने के निर्देश दिए गए थे। स्थानीय पदाधिकारियों, विधायकों सहित अपेक्षित कार्यकर्ताओं से लोकसभा दावेदारों के लिए नाम मांगे गए हैं। जानकारी की मानें तो कई सीटों पर रायशुमारी की जा चुकी है, वहीं कुछ सीटों पर चर्चा की जाना बाकी है।

चुनाव की जिम्मेदारी

लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने हर लोकसभा सीट के लिए फरवरी माह की शुरुआत में संयोजक, सह संयोजक और प्रभारी नियुक्त किए हैं। भोपाल लोकसभा का संयोजक पूर्व सांसद आलोक संजर को बनाया गया है। इंदौर लोकसभा सीट के लिए रवि रावलिया को संयोजक और सांसद सुमेर सिंह सोलंकी को प्रभारी बनाया गया है। जबलपुर में सदानंद गोडबोले को संयोजक, नरेंद्र त्रिपाठी को प्रभारी और राजकुमार पटेल को सह संयोजक बनाया गया है। उज्जैन का संयोजक तेज बहादुर सिंह चौहान, वहीं प्रभारी सुदर्शन गुप्ता को नियुक्त किया गया है।

भाजपा का मिशन-29

भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए एमपी में मिशन 29 का लक्ष्य रखा है। यानी कि पार्टी का फोकस है कि प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर भाजपा को जीत मिले। बता दें कि फिलहाल एमपी की 28 सीटों पर भाजपा, जबकि एक पर कांग्रेस का कब्जा है। वहीं कांग्रेस भी अपने गढ़ छिंदवाड़ा को बचाने की पूरी कोशिश में है।

Ad Image
Latest news
Related news