Saturday, September 28, 2024

MP News: अपने ही जाल में फंसा शिकारी, लगाता रहा मदद की गुहार, हुई मौत

भोपाल। जिले के पन्ना टाइगर रिजर्व सहित आसपास के जंगलों में शिकारी बेखौफ हैं। शिकारी जंगली जानवरों का शिकार करने से बाज नहीं आ रहे। PTR से लगे जंगल में एक शिकारी ने जंगली जानवरों का शिकार करने के लिए करंट का तार फैलाया था। इसकी चपेट में आने से पहले एक नीलगाय ने दम तोड़ दिया। सुबह शिकारी उसे लेने गया था। तभी वह खुद करंट के तार की चपेट में आ गया और वहीं तड़प-तड़प कर जान दे दी।

बृजपुर थाना पुलिस ने बताया

पन्ना के बृजपुर थाना पुलिस ने मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उत्तर वन मंडल की विश्रामगंज रेंज में गुड़ा बीट के कक्ष क्रमांक 351 में करंट की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली थी। वन विभाग के रेंजर नितिन राजोरिया स्थानीय MEDIA को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परसू पिता बलदेव गौड़ (50) ने बीती रात विश्रामगंज रेंज के जंगल में 11 केवी लाइन पर तार डालकर जमीन पर करंट के तार फैलाए थे। वन विभाग के अनुसार सुबह सर्चिंग के दौरान गुड़ा बीट में एक व्यक्ति और कुछ दूरी पर एक नीलगाय के शव को देखा गया था। दोनों की मौत करंट के तार की चपेट में आने से ही हुई थी। जांच में सामने आया कि परसू जंगली जानवरों का गुपचुप तरीके से शिकार करता था। उसने ही जंगल में करंट का तार बिछाया था। जिसमें फंसकर नीलगाय की मौत हो गई। सुबह जब वह शिकार को उठाने गया तो वह भी करंट के तार की चपेट में आ गया। चूंकि मौके पर कोई मदद न मिल सकी, इस कारण करंट से उसकी भी मौत हो गई।

टाइगर रिजर्व में कई बाघों की मौत

बता दें कि बीते वर्ष में पन्ना टाइगर रिजर्व जैसे सबसे सुरक्षित इलाके में भी शिकारियों ने फंदा लगाकर व करंट के तार बिछाकर कई बाघों का शिकार कर लिया है। बीते साल ही एक बाघिन और उसके पहले एक नर बाघ की मौत करंट व फंदे की चपेट में आने से हो चुकी थी। पिछले महीने एक बाघ के गले में फंदा फंसा हुआ था, जिसे पर्यटकों की सूचना के बाद PTR प्रबंधन ने निकाला था। इसके अलावा कई नीलगाय और अन्य जानवरों का शिकार लंबे समय से होता रहा है।

Ad Image
Latest news
Related news