Friday, September 20, 2024

MP News: सीएम शिवराज का ऐलान- प्रदेश की अवैध कॉलोनियां होगी वैध

भोपाल। चुनावी साल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अवैध कॉलोनी में रहने वाले लाखों लोगों को साधने के लिए बड़ा ऐलान किया है। मंगलवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान दिसंबर 2016 तक की कॉलोनियों को नियमित करने और उनके रहवासियों को भवन अनुज्ञा देने के कार्यक्रम में शामिल हुए। नगरीय प्रशासन और विकास विभाग की ओर से मुख्यमंत्री निवास पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि अब दिसंबर 2022 तक की सभी अवैध कॉलोनियां वैध होगी। हमें लोगों की जिंदगी बनानी है। यदि अब कोई अवैध कॉलोनी कटी तो उसके लिए अधिकारी जिम्मेदार होंगे। उन्होंने नगरीय आवास और विकास मंत्री भूपेंद्र सिंह को संशोधन प्रस्ताव लाने के लिए कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन कॉलोनियों में विकास शुल्क भी माफ होगा। भाजपा सरकार विकास करने वाली सरकार है। खरीदी बिक्री के लिए कोई विकास शुल्क नहीं लिया जाएगा। बता दें कि दिसंबर 2016 तक 6077 अवैध कॉलोनी वैध होगी। वहीं, दिसंबर 2022 तक इसमें अब लगभग ढाई हजार कॉलोनी और वैध हो जाएगी। इससे इन कॉलोनी में रहने वाले लोगों को सुविधाएं दी जाएगी।

अवैध कॉलोनियों में किए जाएंगे विकास कार्य

सीएम शिवराज ने कहा कि अवैध कॉलोनी में नियमित कॉलोनी की तरह विकास के लिए राशि उपलब्ध कराई जाएगी। जैसे जैसे पैसा आएगा अवैध कॉलोनी में बिजली, पानी, सीवेज, नाली, सड़क जैसे अधोसंचरना के काम होंगे। सीएम ने आगे कहा कि हमें लोगों की जिंदगी को आसान बनाना है। इसलिए यह सारे काम शुरू करने के निर्देश दे रहा हूं।

अवैध कॉलोनियों में शुरू होगी ये सुविधा

पूरे प्रदेश में अवैध कॉलोनी में अब भवन अनुज्ञा, अनुमति, बैंक लोन की पात्रता मिल जाएगी। अवैध कॉलोनी में पहले बैंक लोन की पात्रता नहीं थी। इन कॉलोनियों में नियमित योजनाओं जैसे अमृत योजना, सांसद-विधायक निधि से विकास के लिए राशि खर्च करने का प्रावधान होगा। सीएम ने बताया कि अवैध कॉलोनी में अब मकान जैसे बने है, उनके नक्शे वैसे ही स्वीकार किए जाएंगे। हमें जनता को परेशान करने के लिए कोई विकल्प नहीं छोड़ना है। अब घर बनाने के बाद तोड़ना या कंपाउटिंग कराना ठीक नहीं होगा। वहीं सीएम शिवराज ने अवैध कॉलोनियों में रहवासी संघ का गठन करने को कहा है ताकि कॉलोनियों में सुविधाएं ठीक से देने में आसानी हो.

पूर्व सीएम कमलनाथ पर कसा तंज

वहीं सीएम शिवराज ने तंज कसते हुए कहा कि यह कमलनाथ की सरकार नहीं है, जो गरीबों के पेट पर लात मारे। यह गरीबों का भविष्य बनाने वाली भाजपा सरकार है।आगे उन्होंने कहा कि आज वह कुछ नहीं है तो कह रहे हैं कि हम यह कर देंगे। सीएम ने कहा कि जब यह थे तो इन्होंने क्या किया। झूठे वादे करने वालों को जमीन दिखाना है।

Ad Image
Latest news
Related news